दाड़लाघाट। अदाणी सीमेंट दाड़लाघाट में सुरक्षा बंधन समारोह उत्साह, सहभागिता और सुरक्षा जागरूकता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारों, बच्चों और विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभात रैली से हुआ, जिसमें कॉलोनी के कर्मचारियों, परिवारजनों और बच्चों ने भाग लिया। इसके बाद कर्मचारियों, परिवारजनों, बच्चों तथा डीएवी और सेडी के विद्यार्थियों को सुरक्षा बंधन बैंड वितरित किए गए। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षा शपथ लेकर स्वयं, अपने परिवार और कार्यस्थल को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
समारोह के दौरान लेडीज क्लब और सेडी के विद्यार्थियों ने सुरक्षा बंधन विषय पर प्रेरणादायक लघु नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के माध्यम से दैनिक जीवन में सुरक्षित व्यवहार अपनाने, असुरक्षित कार्यों को रोकने-टोकने तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर इकाई प्रमुख दाड़लाघाट सुनील चौधरी, सेडी के प्रधानाचार्य, कॉलोनी की महिला सदस्य, कर्मचारी, परिवारजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सुनील चौधरी ने सभी को सुरक्षा को केवल कार्यस्थल तक सीमित न रखते हुए घर और समाज में भी सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मिठाई वितरित की गई। उत्कृष्ट सहभागिता के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान भी प्रदान किए गए।






