अर्की:-बागा में गुरुवार सुबह भारी बारिश होने के चलते पहाड़ी दरकने से सड़क पर चल रहे तीन ट्रक मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, एक ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है, जबकि दो अन्य वाहनों को हल्का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:45 बजे पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हुए। स्थिति को भांपते हुए चालक ने अन्य ट्रक चालकों को वाहन रोकने और सुरक्षित रहने का इशारा किया। इसी दौरान अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया और मलबा नीचे आकर तीन ट्रकों से जा टकराया।
मलबे की चपेट में आने से एक ट्रक को काफी क्षति पहुंची, जबकि दो ट्रकों को मामूली नुकसान हुआ। गनीमत रही कि समय रहते चालकों ने खतरे को भांप लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।






