अर्की शहनाज़
उपमंडल अर्की के डुमैहर में तीन दिवसीय अंडर-14 छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 25 स्कूलों के 229 खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में नया सवेरा जन कल्याण समिति अर्की के अध्यक्ष भीम सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। आयोजक समिति ने उन्हें शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया । मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन की भावना विकसित होती है और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रदेश व देश स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में घोषणा की, कि भविष्य में अर्की विधानसभा क्षेत्र का कोई भी छात्र अगर राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड सिल्वर या ब्रांज मेडल लेकर आता है तो उसे समिति पुरस्कृत राशि के साथ सम्मानित करेगी
इस अवसर पर भीम सिंह ठाकुर ने आयोजन समिति को 7100 रुपये देने की घोषणा भी की। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान करमचंद, उपप्रधान शीतल पाल, विद्यालय प्रधानाचार्य अरुण कुमार, डीपीई राजकुमार पाल, टूर्नामेंट प्रभारी यशपाल, टूर्नामेंट पर्यवेक्षक महेंद्र राठौर सहित अन्य शिक्षक व खेल स्टाफ मौजूद रहा।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खो-खो में बथालंग और हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बथालंग की टीम विजयी रही। अन्य मुकाबलों में डुमैहर ने बखालगा, भमाती ने बथालंग तथा डुमैहर ने गुरुकुल इंटरनेशनल कुनिहार को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
कबड्डी में चंडी (अर्की) ने हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां, जबकि एसवीएम कुनिहार ने बथालंग को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं वॉलीबॉल में चंडी (अर्की) ने एसवीएम कुनिहार, मांगू ने कशलोग और शाहरोल ने सानन को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।






