दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत रौड़ी के धार क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में तीन तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। तेंदुओं को देखने के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत है और लोग अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार तीनों तेंदुए धार क्षेत्र से होते हुए गांव बागा के खेतों के बीच से गुजरते हुए सड़क किनारे झाड़ियों में दिखाई दिए। इससे पहले भी इन जंगली जानवरों को गांव के आसपास देखा जा चुका है, जिसके चल<
ते ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आग्रह किया है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द पिंजरे स्थापित किए जाएं और तेंदुओं को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोग निडर होकर अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए आवाजाही कर सकें। ग्रामवासियों में हीरा लाल ठाकुर, पिंकू, लेखराम, प्रेम केशव, ठाकुरू राम, लोक राम, रोशन ठाकुर, हनी, खेम राम ठाकुर, गीता राम, मेहर सिंह ठाकुर ने वन विभाग से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने वन विभाग को क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी से अवगत करवाते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उधर, वन क्षेत्र अधिकारी दाड़लाघाट सुदर्शन सिंह ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह-शाम अकेले बाहर निकलने से बचें और बच्चों को भी अकेले बाहर न भेजें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेंदुआ या उसकी गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मौके पर वन विभाग के कर्मचारियों को निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा।






