दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में अंबुजा सीमेंट प्लांट के अधिकारियों के साथ कचरे की गाड़ियों से फैल रही बदबू की समस्या को लेकर पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा अंबुजा प्रबंधन के समक्ष प्रमुखता से उठाया। बैठक में अंबुजा फाउंडेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय शर्मा, एचआर हेड पदम शर्मा तथा सॉलिड वेस्ट प्रबंधन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। पंचायत ने कचरे की गाड़ियों से आने वाली दुर्गंध को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इस पर कंपनी प्रबंधन ने समस्या के समाधान के लिए एक माह का समय मांगा। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि शिमला से आने वाली कचरे की गाड़ियां रात 10 बजे के बाद दाड़लाघाट पहुंचेंगी, जबकि बाहरी क्षेत्रों से आने वाली गाड़ियों को केमिकल स्प्रे कर भेजा जाएगा, ताकि उनसे दुर्गंध न फैले। पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी ओर
उपप्रधान हेमराज गौतम ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और स्वच्छ वातावरण को ध्यान में रखते हुए कचरे की गाड़ियों से होने वाली दुर्गंध की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। पंचायत ने उम्मीद जताई कि कंपनी प्रबंधन अपने आश्वासन के अनुसार निर्धारित समय में उचित व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी, पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेम राज गौतम, पंचायत सदस्य सुनीता, गीता देवी, मीरा देवी, कर्म चंद, प्रेम चंद, राज कुमारी, राजेश कुमार, मंजू देवी, तरुणा शुक्ला, तिलक राज गौतम और श्याम लाल, पंचायत सचिव धनी राम, सहसचिव मीरा तथा पंचायत चौकीदार पवन शर्मा भी उपस्थित रहे।






