अर्की। राजकीय प्राथमिक पाठशाला सेरा एवं राजकीय माध्यमिक पाठशाला सेरा में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दो नए कमरों के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इन कमरों के निर्माण के लिए विधायक संजय अवस्थी की ओर से राशि स्वीकृत किए जाने के बाद अब निर्माण कार्य धरातल पर उतर गया है।
विद्यालय में कमरों की आवश्यकता को देखते हुए क्षेत्रवासियों एवं विद्यालय परिवार की ओर से लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी। ग्राम पंचायत कोटली की पूर्व प्रधान एवं महिला फेडरेशन की प्रधान नवर्दा शर्मा की प्रमुखता में यह मांग विधायक संजय अवस्थी के समक्ष रखी गई थी। विधायक ने मांग को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक राशि स्वीकृत करवाई।
निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार ने विधायक संजय अवस्थी का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि नए कमरों के निर्माण से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता देकर विकास कार्य धरातल पर उतारे जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि जनता की मांगों को सुनना, उन्हें प्राथमिकता देना और घोषणाओं को धरातल पर उतारना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। सेरा स्कूल में दो कमरों का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विधायक संजय अवस्थी का आभार व्यक्त किया।






