दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत बागा करोग के युवक मंडल बागा एवं ग्राम पंचायत बागा करोग के संयुक्त प्रयास से बागा-शालूघाट मार्ग के बीच स्थित श्री हनुमान मंदिर के समीप पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दाड़ू और तूत के करीब 80 पौधे रोपे गए। युवक मंडल बागा की ओर से पंचायत के सहयोग से प्रतिवर्ष क्षेत्र के जंगलों में पौधारोपण किया जाता है। इस वर्ष गणेश चतुर्थी के आगमन के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवक मंडल ने कहा कि भगवान गणपति महाराज की कृपा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा क्षेत्रवासियों को उनका आशीर्वाद प्राप्त हो। युवक मंडल बागा के महासचिव कृष्णा चौहान ने इस नेक कार्य में सहयोग देने के लिए पंचायत प्रधान श्याम लाल चौहान, समस्त वार्ड सदस्यों,
युवक मंडल के सदस्यों तथा आदर्श महिला मंडल बागा की अध्यक्षा सुखदेई चौहान का आभार व्यक्त किया। पौधारोपण कार्यक्रम में पंचायत प्रधान श्याम लाल चौहान, वार्ड सदस्य सरला चौहान, राज कुमार, संजीव कुमार, सुनीता भाटिया, सुख देई चौहान, विकास चौहान, महेंद्र चौहान, बिट्टू चौहान, प्रमोद कुमार, हरीश ठाकुर और लाल मन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






