दाड़लाघाट। दाड़लाघाट के दाड़ला मोड़ में गणपति उत्सव कमेटी की ओर से आयोजित भगवान गणेश रंगनाथ महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। 14 से 24 सितंबर तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। गणपति उत्सव कमेटी के सदस्य राकेश शर्मा ओर नरेंद्र कौंडल ने बताया कि दाड़ला मोड़ में पिछले करीब 13 वर्षों से गणपति उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के
दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा बाहरी क्षेत्रों से आने वाली भजन मंडलियां भी भाग लेंगी। आयोजन से करीब 400 सदस्य जुड़े हुए हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था भी की गई है। धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर को गणपति जी की प्रतिमा का विसर्जन बिलासपुर स्थित गोविंद सागर झील में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। कमेटी ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित गणपति उत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है। आयोजन में अमर शर्मा, हीरा सिंह ठाकुर, राकेश शर्मा, सुरेश शुक्ला, रमेश शुक्ला, मोहिंदर कंवर, पंकज महाजन, नरेंद्र कौंडल, विजय शर्मा, प्रकाश शर्मा, प्रदीप सोनी, गगन, प्रदीप अग्रवाल और हरीश शर्मा सहित अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं।






