कुनिहार
कोठी चौक के समीप नरेंद्र एंटरप्राइजेज के पीछे खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना 19 सितंबर की रात की है। दोनों मोटरसाइकिलों के मालिकों ने अज्ञात व्यक्ति पर आग लगाने का शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में तहूर खान निवासी गांव मुहनागर, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वह वर्तमान में पिपलुघाट में रह रहे हैं। 19 सितंबर को वह किसी काम से कुनिहार आए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (एचपी-11बी-3187) को बाइक रूम के बाहर खड़ा किया था। उनके साथ अरुण कुमार की मोटरसाइकिल (एचपी-16-6799) भी खड़ी थी।
शिकायत के अनुसार, जब वह अपने मित्र नदीम खान के कमरे में मौजूद थे, तभी फैजल ने उन्हें सूचना दी कि दोनों मोटरसाइकिलों में आग लग गई है। इसके बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग पर काबू पाया। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नुकसान पहुंचाने की नीयत से दोनों मोटरसाइकिलों में आग लगाई है।
हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद को सौंपी जांच
पुलिस रोजनामचे के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस टीम कोठी चौक स्थित नरेंद्र एंटरप्राइजेज के पीछे पहुंची। मौके पर दोनों मोटरसाइकिलें जली हुई अवस्था में मिलीं। पुलिस ने तहूर खान और अरुण कुमार से पूछताछ की। मामले को बीएनएस की धारा 326(एफ) के तहत जांच के दायरे में लिया गया है। हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस आग लगने के कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता को लेकर जांच कर रही है।






