कुनिहार
कुनिहार क्षेत्र में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने कोठी चौक से पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। कार्य के दौरान सड़क की भूमि में आने वाले अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीन की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया, जबकि अधिकतर मकान मालिक स्वयं ही सड़क की जमीन में आने वाले स्लैब, गेट, लोहे की रेलिंग और अन्य अवरोधों को हटाते दिखाई दिए।![]()
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मंडल अर्की के.के. चौहान के निर्देश पर सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग कुनिहार मनसा राम ने क्षेत्रवासियों से सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान विभाग को सहयोग देने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से सड़क की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने का आग्रह किया था, ताकि निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
जानकारी के अनुसार कोठी चौक से पेट्रोल पंप तक लगभग 300 मीटर सड़क को चौड़ा किया जाना है। इसके अतिरिक्त कुनिहार क्षेत्र में सड़क के दोनों तरफ नालियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसमें कोठी चौक से पुराने बस स्टैंड, तालाब तथा ऊंचागांव तक सड़क किनारे नालियों का निर्माण किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ठेकेदार राकेश ठाकुर ने बताया कि कोठी चौक से पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। इसके साथ ही सड़क के दोनों तरफ नालियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी तथा निर्माण कार्य के दौरान यातायात अधिक प्रभावित नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों तरफ खुली नालियों का निर्माण होने से बरसाती पानी की बेहतर निकासी सुनिश्चित हो सकेगी। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली पेयजल पाइप लाइन को बदला जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से निर्माण कार्य में विभाग को सहयोग देने की अपील की।






