दाड़लाघाट। विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी अर्की के वोकेशनल शिक्षा के टूरिज्म विषय के विद्यार्थियों को हरसंग धार के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ट्रेकिंग के साथ पर्यटन के विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी हासिल की। शैक्षणिक भ्रमण दल में 46 विद्यार्थी शामिल रहे। उनके साथ संस्कृत प्रवक्ता नीलम ठाकुर, टूरिज्म वोकेशनल ट्रेनर रिया शर्मा और ऑटोमोटिव वोकेशनल ट्रेनर विकास शर्मा मौजूद रहे। ट्रैक के दौरान विद्यार्थियों को ग्रामीण पर्यटन, ईको टूरिज्म, सतत पर्यटन और धार्मिक पर्यटन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ प्रदेश की संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जिम्मेदार पर्यटन का संदेश देते हुए पूरे ट्रेकिंग मार्ग की स्वच्छता भी की। बच्चों ने रास्ते में बिखरे कचरे को एकत्र कर उचित स्थान पर निस्तारित किया और लोगों को पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।![]()






