दाड़लाघाट। दाड़लाघाट क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों के अनुसार कई स्थानों पर कुत्तों के काटने और हमला करने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि दाड़लाघाट अंबुजा चौक, पीएनबी एटीएम मार्केट, एसबीआई मार्केट, जालपा मंदिर मार्केट, आईटीआई मार्केट, स्यार मार्केट सहित कई अन्य स्थानों पर आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। रात के समय अंबुजा कंपनी में ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों को भी इन कुत्तों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, सुबह ड्यूटी खत्म कर वापस आने वाले कर्मचारियों के लिए भी रास्ते में कुत्तों के झुंड परेशानी का
कारण बने हुए हैं। इसके अलावा सुबह के समय सैर के लिए निकलने वाले लोगों में भी आवारा कुत्तों को लेकर डर बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग अब सुबह सैर पर निकलते समय सुरक्षा के लिए अपने साथ डंडा तक रखने को मजबूर हैं। बच्चों के स्कूल आने-जाने के समय भी अभिभावकों को उनकी सुरक्षा की चिंता सताती रहती है। समाजसेवी बलदेव पंवर, मदन, राकेश, संतराम, मुकेश, नीरज, प्रदीप, राहुल सहित अन्य लोगों ने पंचायत, प्रशासन और सरकार से मांग की है कि दाड़लाघाट क्षेत्र में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या का जल्द समाधान किया जाए। लोगों ने संबंधित विभागों से क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा बच्चों, कर्मचारियों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।






