Latest News
घनागुघाट विद्यालय को मिला नया प्रधानाचार्य, राजकुमार गौतम ने संभाला कार्यभार पंचायत प्रतिनिधियों ने किया स्वागत, विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की जताई उम्मीद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर (अर्की)का वार्षिक उत्सव: जब विद्यालय का पहला छात्र बना मुख्य अतिथि, गूंज उठे गर्व के पल! चंदपुर गांव में शिव मंदिर के सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर, ग्रामीणों ने विधायक संजय अवस्थी का जताया आभार विधायक संजय अवस्थी और पंचायत प्रधान सुरेंद्र पाठक के सहयोग से आगे बढ़ रहा विकास कार्य कुनिहार के सीबीएसई विद्यालय में अध्यापकों के लिए ड्रेस कोड लागू स्टार गोजुरियू कराटे अकादमी कुनिहार में कराटे बेल्ट परीक्षा का सफल आयोजन कैसा रहेगा आज आपका दिन पढ़ें आज का पंचांग व अपना संपूर्ण राशिफल
Home » Uncategorized » उप-तहसील कुनिहार में 9 साल बाद भी नहीं बना फील्ड कानूनगो का पद, एक पटवारी का पद भी खाली हाटकोट के पटवारी के भरोसे हफ्ते में सिर्फ एक दिन हो रहे काम, ग्रामीणों को लगाने पड़ रहे चक्कर

उप-तहसील कुनिहार में 9 साल बाद भी नहीं बना फील्ड कानूनगो का पद, एक पटवारी का पद भी खाली हाटकोट के पटवारी के भरोसे हफ्ते में सिर्फ एक दिन हो रहे काम, ग्रामीणों को लगाने पड़ रहे चक्कर

Share:

कुनिहार
जिला सोलन के अंतर्गत आने वाली उप-तहसील कुनिहार में प्रशासनिक उपेक्षा के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2017 में तत्कालीन प्रदेश सरकार द्वारा लोगों की सुविधा के लिए उप-तहसील कुनिहार का विधिवत उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया गया था। हालांकि, उद्घाटन के लगभग 9 वर्ष बीत जाने के बाद भी यहां आज तक ‘फील्ड कानूनगो’ के स्थायी पद का सृजन ही नहीं किया जा सका है।
राजस्व विभाग में फील्ड कानूनगो की तैनाती न होने से जमीन की पैमाइश, तकसीम, निशानदेही और अन्य राजस्व से जुड़े प्रशासनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
एक पटवारी के पास अतिरिक्त प्रभार
जानकारी के अनुसार उप-तहसील कुनिहार के अंतर्गत कुल 5 पटवार वृत्त (कुनिहार, हाटकोट, मान, सरली और बलेरा) आते हैं। वर्तमान में यहां केवल 4 पटवारी कार्यरत हैं। पटवार वृत्त कुनिहार के पटवारी का बीते 27 सितम्बर को किसी अन्य पटवार वृत्त में स्थानांतरण हो जाने के बाद से यह पद पूरी तरह रिक्त पड़ा है।
वर्तमान में कुनिहार पटवार वृत्त का अतिरिक्त कार्यभार हाटकोट के पटवारी को सौंपा गया है। वे सप्ताह में केवल एक दिन (बुधवार) ही कुनिहार में बैठकर लोगों के राजस्व संबंधी कार्य निपटा रहे हैं। हफ्ते में सिर्फ एक दिन काम होने से दूर-दराज के गांवों से आने वाले ग्रामीणों को अपने छोटे-छोटे प्रमाणपत्रों, जमीन के इंतकाल व गिरदावरी जैसे कामों के लिए कई दिनों तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
कुनिहार विकास सभा ने उठाई शीघ्र नियुक्ति की मांग
कुनिहार विकास सभा के अध्यक्ष धनीराम तंवर, भागमल तंवर, बाबूराम तंवर, संतराम ठाकुर, देवीराम मेहता, धर्मसिंह तंवर, जगदीश ठाकुर, नागेन्द्र ठाकुर, दीपराम ठाकुर, बलबीर चौधरी, संजय राघव, ओमप्रकाश ठाकुर आदि ने प्रदेश सरकार और प्रदेश राजस्व मंत्री से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में उप-तहसील का दर्जा मिलने के बावजूद आवश्यक पदों का सृजन न होना जनहित के साथ अनदेखी है। मांग की गई कि उप-तहसील कुनिहार के लिए जल्द से जल्द फील्ड कानूनगो का पद क्रिएट किया जाए और खाली चल रहे पटवारी के पद को भी शीघ्र भरा जाए, ताकि लोगों को राजस्व संबंधित कामों में परेशानी न हो।
नायब तहसीलदार ने कहा – उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया:
इस विषय पर नायब तहसीलदार कुनिहार देवेंद्र रपटा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पटवार वृत्त कुनिहार के पटवारी का स्थानांतरण हो गया है और पटवार वृत्त हाटकोट के पटवारी को कुनिहार का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने माना कि फील्ड कानूनगो का पद सृजन नहीं हुआ है और उच्चाधिकारियों को इस विषय से अवगत करवाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *