नम्होल (बिलासपुर) (हिमाचल आजतक):
मौसम के बिगड़े मिजाज, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के बावजूद नम्होल में आयोजित तीन दिवसीय 12वां ‘पशु मण्डी एवं किसान मेला-2026’ रविवार को बेहद उत्साह और सफलता के साथ संपन्न हो गया। मेला समिति के सदस्यों की डेढ़ महीने की अथक मेहनत और सकारात्मक प्रयासों से न केवल खेल प्रतियोगिताएं पूरी हुईं, बल्कि खराब मौसम के बाद भी सांस्कृतिक संध्या ने दर्शकों को बांधे रखा।
कुश्ती और कबड्डी में दिखा गजब का रोमांच
मेले के अंतिम व तीसरे दिन दोपहर करीब 12 बजे अचानक बदले मौसम ने तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण व्यवधान पैदा किया, जिससे मेला मैदान में कबड्डी के मैट खराब हो गए। हालांकि, मेला समिति के सदस्यों ने हार नहीं मानी। जैसे ही मौसम थोड़ा सामान्य हुआ, समिति ने मैट हटाकर मिट्टी का फील्ड तैयार किया और कबड्डी व कुश्ती के सभी मुकाबले आयोजित करवाए। कुश्तियां, कबड्डी और लक्की ड्रा का कार्यक्रम समय पर यानी ठीक शाम 7:50 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बाबूराम सिसोदिया ने किया सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ
खराब मौसम की वजह से एक समय मंच से एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन को हटाना पड़ा था, लेकिन मौसम सुधरते ही इसे दोबारा स्थापित किया गया। हालांकि, कल के बचे हुए महिला मंडलों के कार्यक्रम बारिश के कारण आज नहीं हो सके। सांस्कृतिक संध्या का औपचारिक आगाज मेला समिति के अध्यक्ष श्री बाबूराम सिसोदिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
पहाड़ी और फिल्मी धुनों पर झूम उठा पंडाल
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय लोक गायक सुभाष शर्मा हिमाचली ने अपने बहुत ही सुंदर पहाड़ी अंदाज में संगीतमय प्रस्तुति से की। इसके बाद मंडी से आए संजय कौंडल ने फिल्मी और पहाड़ी गानों से जनता का भरपूर मनोरंजन किया। उभरते हुए दाड़ला के कलाकार प्रिंस शर्मा और सुंदरनगर की नितिका चौहान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
इसके बाद शिमला की प्रभावशाली नर्तकी भानू प्रिया ने क्लासिक डांस से सभी का मनोरंजन किया। स्थानीय हास्य कलाकार हेमराज (चुन्जू) ने अपनी बेहतरीन पहाड़ी कॉमेडी से पंडाल में नई स्फूर्ति भर दी। सांस्कृतिक संध्या के अंत में चम्बा से आए स्टार कलाकार शिवांश भारद्वाज ने अपने लोकप्रिय गीतों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल झूमने पर मजबूर हो गया। कार्यक्रम का सफल और सायराना मंच संचालन श्री चमन वर्मा ने किया, जिसने दर्शकों में नया जोश बनाए रखा। इस मेले को नई उड़ान देने में कर्मा बैंड सुंदरनगर, बाबा साउंड घुमारवीं और रोहित एलईडी इवेंट का बेहतरीन तालमेल रहा।
मुख्य अतिथि ने सराहा, दिया ₹11,000 का अनुदान
सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि, आईटीबीपी (ITBP) में कार्यरत डिप्टी कमांडेंट श्री चमन ठाकुर ने आयोजन और मेला कमेटी के हौसले की जमकर सराहना की। उन्होंने मेला समिति को अपनी नेक कमाई से ₹11,000 का अनुदान भी दिया।
मेला अध्यक्ष की बधाई और सफाई की अपील
मेला समिति के अध्यक्ष श्री बाबूराम सिसोदिया ने कहा कि भारी बारिश और चुनौतियों के बावजूद यह 12वां मेला सभी सदस्यों के अथक प्रयासों से ही सफल हो पाया है। इसके लिए समिति के सभी सदस्य और स्थानीय जनता बधाई की पात्र है।
उन्होंने समिति के सभी सदस्यों से अपील की है कि सोमवार (12 अक्टूबर 2026) सुबह 10:00 बजे तक सभी सदस्य मेला मैदान पहुंचें, ताकि पूरे मैदान की अच्छे से सफाई करके इसे स्वच्छ हालत में स्कूल प्रशासन को वापस सौंपा जा सके।






