कुनिहार
अक्षरेश शर्मा
देवभूमि हिमाचल प्रदेश की पावन धरा पर स्थित अनादिकालीन शिव तांडव गुफा, कुनिहार में शारदीय नवरात्रों के पावन अवसर पर 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को शंभू परिवार व गुफा विकास समिति कुनिहार के सौजन्य से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं शिव भक्तों में उत्साह का माहौल है।

धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ 18 अक्टूबर को सुप्रसिद्ध आचार्य देवेंद्र कुमार उपाध्याय जी के सान्निध्य में श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ से होगा। 19 अक्टूबर, सोमवार को प्रातःकाल बाबा गुफानाथ जी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात **गुफा के आचार्य श्री हेमंत जी** द्वारा यज्ञ, हवन एवं पूर्णाहुति की धार्मिक रस्में संपन्न करवाई जाएंगी। इसके उपरांत श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ को विधिवत विश्राम दिया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा आरंभ होगा।
शारदीय नवरात्रों के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भगवान शिव शंकर, माता गौरा एवं मां दुर्गा की आराधना से वातावरण भक्तिमय बनेगा। श्रद्धालु बाबा गुफानाथ जी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करेंगे।
शंभू परिवार व गुफा विकास समिति कुनिहार की ओर से समस्त क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों एवं शिव भक्तों से विनम्र आग्रह किया गया है** कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिव तांडव गुफा पहुंचकर बाबा गुफानाथ जी के दर्शन करें, पूजा-अर्चना में भाग लें तथा विशाल भंडारे में भोले बाबा का पावन प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
समिति अध्यक्ष राम रतन तंवर एवं उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर ने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की।






