अर्की
भूमती। हिमशिखर खेल समिति भूमती की ओर से आयोजित खेलकूद कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश ठाकुर (दयालू) की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान उन्होंने युवाओं की ओर से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की और समिति को प्रोत्साहन स्वरूप 5,100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
इस अवसर पर राकेश ठाकुर ने कहा कि आज के समय में
युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना बड़ी चुनौती है। ऐसे में खेलकूद प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन बेहद जरूरी है। खेल न केवल युवाओं को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने ग्राम पंचायत भूमती के उपप्रधान एवं युवा नेता विनय शर्मा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विनय शर्मा जैसे ऊर्जावान युवाओं की समाजहित में सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र में सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें सही दिशा देने के ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने स्थानीय युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने हिमशिखर खेल समिति के मुख्य आयोजक कुनाल शर्मा सहित हिमांशु, जतिन, गौरव, अकुल, अनुज और अन्य युवा सदस्यों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गांव में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा सकता है और युवाओं को स्वस्थ गतिविधियों से जोड़ा जा सकता है।
इस अवसर पर संदीप ठाकुर, ग्राम पंचायत भूमती के पूर्व प्रधान प्रवीण शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य आशा शर्मा, जय नंद शर्मा, जय चंद शर्मा, मुकेश शर्मा, सुधीर शर्मा, सच्ची शर्मा, परमानंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय युवा मौजूद रहे।
हिमशिखर खेल समिति भूमती की इस पहल के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। स्थानीय स्तर पर इस तरह के आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।






