अर्की। डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल अर्की में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय में दीये बनाने, रंगोली सजाने और तोरण बनाने की प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशक्ति का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाईं तथा दीयों और तोरणों को सुंदर ढंग से सजाया। रंग-बिरंगी रंगोलियों और सजे हुए दीपों से पूरा विद्यालय परिसर दीपावली के रंग में रंगा नजर आया।
इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, दीपावली के महत्व और त्योहारों से जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मकता निखारने और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने सभी शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली खुशियां बांटने, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनमें अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित होती है।






