कुनिहार
आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा आगामी 20 नवंबर 2026 को धर्मशाला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ विशाल जन आक्रोश रैली एवं विधानसभा घेराव किया जाएगा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया करेंगे।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि वर्ष 2022 में पंजाब और हिमाचल प्रदेश में एक साथ सरकारें बनी थीं। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जनता से किए अपने वादों और गारंटियों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किए हैं, जबकि हिमाचल में कांग्रेस सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में नाकाम रही है।
महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने, युवाओं को रोजगार सहित अनेक वादे करके कांग्रेस ने हिमाचल की जनता का विश्वास जीता था, लेकिन आज सरकार का कार्यकाल समाप्ति की ओर है और जनता अपने वादों के पूरा होने का इंतजार कर रही है। आम आदमी पार्टी इसे प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात और जनता को ठगने का मामला मानती है।
इसी वादाखिलाफी के विरोध में आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से लगभग 3,000 से 5,000 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
आम आदमी पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि चुनाव के समय जनता से किए गए वादों का हिसाब देना ही होगा। 20 नवंबर को धर्मशाला में यह शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनता के आक्रोश की आवाज है ।






