अर्की, लोक निर्माण विभाग (PWD) विश्राम गृह अर्की में शुक्रवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र के सहकारिता प्रकोष्ठ के तीनों मंडलों अर्की, दाड़लाघाट और जयनगर की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता प्रकोष्ठ के संगठनात्मक कार्यों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अर्की मंडल सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक गोविन्द राम वर्मा, दाड़लाघाट मंडल के संयोजक परस राम ठाकुर तथा जयनगर मंडल के संयोजक रतन लाल ठाकुर सहित ज्ञान चंद और अमर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान गांव गलोग, बथालंग, अर्की निवासी नारायण दास ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने पर उन्हें सहकारिता प्रकोष्ठ मंडल अर्की का सह-संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में आगामी 25 नवंबर को अर्की विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम तथा 29 नवंबर को सोलन में प्रस्तावित सहकारिता उत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।






