दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत बरायली के गांव पथरागल में एक जरूरतमंद महिला की सहायता के लिए सामाजिक संगठन और दानी लोग आगे आए हैं। महिला के पति और बेटे की एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिवार में वह अपनी बेटी के साथ रह रही थी, लेकिन कुछ समय पहले बेटी की भी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इसके चलते महिला परिवार में अकेली रह गई।
महिला की परिस्थितियों को देखते हुए वी सपोर्ट फॉर टुमॉरो संस्था की ओर से 10 हजार रुपये, युवक मंडल शावग की ओर से 1100 रुपये तथा अन्य दानी लोगों के सहयोग से कुल 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। यह सहायता राशि संस्था के सदस्य संजीव ठाकुर ने महिला को सौंपी। इस पहल के माध्यम से सामाजिक संगठनों और दानी लोगों ने जरूरतमंद महिला की मदद कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।






