दाड़लाघाट। सोलन जिले के अर्की एवं धुन्दन ब्लॉक की मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन (सीटू) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिड-डे मील कर्मियों की लंबे समय से लंबित मांगों और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति रोष जताते हुए यूनियन नेताओं ने कहा कि वर्ष 2009 से अब तक मिड-डे मील वर्कर्स के मानदेय में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं की गई है। महंगाई के दौर में कम मानदेय पर काम करने वाले इन कर्मियों को न तो पेंशन, ग्रेच्युटी और न ही अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं मिल रही हैं। यूनियन ने निर्णय लिया कि केंद्र सरकार की अनदेखी के विरोध में 1, 2 और 3 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले
महापड़ाव में अर्की एवं धुन्दन ब्लॉक से सैकड़ों मिड-डे मील वर्कर भाग लेंगे। इसके लिए 1 दिसंबर को दिल्ली कूच किया जाएगा। यूनियन की प्रमुख मांगों में मिड-डे मील कर्मियों को न्यूनतम वेतन के दायरे में लाना, मानदेय में बढ़ोतरी करना और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देना शामिल है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर पेंशन व ग्रेच्युटी, ईपीएफ और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग उठाई गई। यूनियन ने 10 महीने के बजाय पूरे 12 महीने का वेतन देने, माननीय उच्च न्यायालय के 12 महीने का वेतन देने संबंधी फैसले को लागू करने तथा पिछला बकाया एरियर जारी करने की मांग भी उठाई। साथ ही प्रत्येक माह की पहली तारीख को 5500 रुपये का मानदेय एकमुश्त कर्मियों के बैंक खातों में डालने की मांग की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महापड़ाव को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर संपर्क अभियान चलाया जाएगा और अधिक से अधिक कर्मियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर सीटू यूनियन के राज्य कोषाध्यक्ष जगत राम और जिला उपाध्यक्ष अमरचंद गजपति विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में गोपाल, मीना, पूनम, मनोरमा, पवन, प्रीति, सोमा देवी और सुमन सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।






