अर्की। सिविल अस्पताल अर्की में लंबे समय से प्रतीक्षित अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध हो गई है। अस्पताल में करीब 27 लाख रुपये की लागत से आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है। इससे अर्की क्षेत्र के मरीजों को अब अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए निजी अस्पतालों या अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ समय और अनावश्यक परेशानी से भी निजात मिलेगी।
गौरतलब है कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से सिविल अस्पताल अर्की में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने की मांग उठा रहे थे, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें। लोगों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अर्की के विधायक संजय अवस्थी के प्रयासों से करीब 27 लाख रुपये की लागत से आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन अस्पताल में स्थापित करवाई गई है।
इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ गर्भवती महिलाओं सहित उन मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अल्ट्रासाउंड जांच के लिए निजी अस्पतालों या दूर-दराज के स्वास्थ्य संस्थानों में जाना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलेगी।
अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित होने से सिविल अस्पताल अर्की की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस सुविधा को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक संजय अवस्थी का आभार जताया है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अस्पताल में अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर उपचार के लिए बाहर न जाना पड़े।
विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।






