शहनाज़ भाटिया
शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल (डीलॉगस), अर्की में वार्षिक समारोह ‘रेनबो ह्यूज : कलर्स ऑफ लाइफ’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली, प्रकृति के महत्व और विश्व की विभिन्न संस्कृतियों का संदेश दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया तथा पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह की अध्यक्षता की डीसीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीईओ डॉ. अनिरुद्ध गुप्ता ने की विशेष अतिथि के रूप में सिविल जज ईशानी शर्मा ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन की रस्म से हुई जिसके पश्चात स्कूल प्रिंसिपल डॉ. संजय गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों से सभी को अवगत करवाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘रेनबो विदिन’ के माध्यम से बच्चों ने रंगों की खूबसूरत दुनिया को मंच पर जीवंत किया। ‘डीप ब्लू फैंटेसी’ प्रस्तुति के जरिए जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। वहीं ‘एडु रिदम : द बीट ऑफ सक्सेस’ में स्कूल की आधुनिक सुविधाओं और शिक्षा के प्रति नवीन दृष्टिकोण को दर्शाया गया। इसके अलावा ‘गार्जियन इन ग्रीन’ और ‘द अनस्पोकन इमोशंस’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘रिदम ऑफ द हिल्स’ (नाटी) ग्रैंड फिनाले रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने हिमाचल की खूबसूरत वादियों, पहाड़ी संस्कृति और प्राकृतिक विरासत को अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। इसके साथ ही प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अलग-अलग पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता का मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर डीसीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डायरेक्टर एडमिन मनजीत सिंह ढिल्लों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ।
इस अवसर पर मयूराक्षी चेयरपर्सन, विरासत एनजीओ, चमन लाल अंगिरस सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर एजुकेशन, कैप्टन पदमदेव सिंह ठाकुर, अनुज गुप्ता,अनिकेत शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय , नितेश गौतम, असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी,डॉ. बाल कृष्ण कौंडल,डॉ. शिवांकी,डॉ. एस.के. वैष्णव कृष्ण,डॉ. राहुल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।






