अर्की। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंधन में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जय बाबा कमलाहिया अराधना संस्था (JBK Aradhana) एवं CSR Sawera Foundation के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न नियमों और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राम रत्न, एसएमसी अध्यक्ष सुनील ठाकुर, अध्यापक सुरेंद्र कुमार, सुमन वटु, नरेंद्र हाडा एवं हेम राज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष एम.के. भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा तेज गति से वाहन चलाने से बचने की अपील की। इसके अलावा इंडिकेटर और डिपर का सही उपयोग करने सहित यातायात नियमों का पालन करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना के समय आपातकालीन सहायता के लिए 108 एवं 100 नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही गुड समैरिटन यानी राहवीर योजना के बारे में बताते हुए दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए आगे आने का संदेश दिया गया। मोबाइल फोन लॉक होने की स्थिति में भी आपातकालीन संपर्क के माध्यम से परिवार तक सूचना पहुंचाने के तरीकों की जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर एम.के. भारद्वाज ने संस्था की सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जय बाबा कमलाहिया अराधना संस्था पिछले 18 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था की ओर से गांवों, पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, आपदा प्रबंधन और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील समाज का निर्माण करना है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझे, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करे और आपदा के समय दूसरों की सहायता के लिए तत्पर रहे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है। सुरक्षित सड़कें-सुरक्षित जीवन और नशामुक्त युवा-सशक्त समाज के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






