अर्की,उपमंडल मुख्यालय स्थित सिविल अस्पताल अर्की में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की व्यवस्था और स्वच्छता मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नवनिर्मित अस्पताल भवन के स्वीकृत नक्शे में रसोई घरों का प्रावधान होने के बावजूद धरातल पर एक भी सुव्यवस्थित रसोई चालू हालत में नहीं है। स्थिति यह है कि मरीजों को भोजन वितरित करने वाला ठेकेदार अस्पताल परिसर से बाहर अपने घर से खाना बनाकर ला रहा है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग अर्की की ओर से खाना तैयार करने के लिए जो स्थान उपलब्ध करवाया गया है, वह अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष (मॉर्चरी) के साथ कृष्ना लैब के ऊपर बना एक छोटा सा कमरा है। ओर इसके साथ ही ड्रग इंस्पेक्टर का कार्यालय भी है। इस व्यवस्था ने अस्पताल प्रशासन पर सवालिया निशान लगा दिया है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल परिसर में आज तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया कि मरीजों का भोजन किन परिस्थितियों में और कहां से बनकर आ रहा है।
जनस्वास्थ्य और भवन निर्माण मानकों (IPHS – Indian Public Health Standards) के विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में शवगृह को मुख्य वार्डों और विशेष रूप से रसोई या कैंटीन से पूरी तरह अलग एवं एकांत हिस्से में बनाया जाना आवश्यक है। इसके पीछे कई वैज्ञानिक व व्यावहारिक कारण हैं। कई बार शवगृह में 24 से 48 घंटे तक लावारिस शव रखे जाते हैं। यदि कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था न हो या उसमें तकनीकी खराबी आ जाए, तो शवों से निकलने वाली हाइड्रोजन सल्फाइड, अमोनिया जैसी दुर्गंधयुक्त व हानिकारक गैसें ऊपर की ओर उठती हैं। ये गैसें सीढ़ियों, पाइपलाइन या वेंटिलेशन के रास्ते ऊपर स्थित रसोई घर तक पहुंच सकती हैं।
शवगृह से जुड़े जैविक तरल पदार्थों और नमी के कारण मक्खियां, कीड़े-मकोड़े व सूक्ष्मजीव पनपने का खतरा रहता है, जो सीधे तौर पर ऊपर तैयार हो रहे भोजन को दूषित कर सकते हैं। साथ ही मॉर्चरी के बाहर परिजनों का आना-जाना और शोक का माहौल रहता है, जबकि रसोई दैनिक गतिविधियों का केंद्र है। दोनों का एक ही स्थान पर ऊपर-नीचे होना व्यावहारिक और मानवीय संवेदनाओं की दृष्टि से भी अनुचित है। और यहां तो मरीजो के स्वास्थ्य से जुड़े अत्यंत संवेदनशील लैब टेस्ट हेतु कृष्णा लेबोरेटरी भी है।
स्थानीय लोगों और तीमारदारों का कहना है कि मरीजों को अत्यंत सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में बना भोजन मिलना चाहिए, लेकिन पोस्टमार्टम कक्ष के ऊपर रसोई के लिए जगह देना सीधे तौर पर मरीजों की सेहत से खिलवाड़ है। भोजन सप्लाई करने वाले ठेकेदार का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा उचित रसोई घर/कमरा उपलब्ध न करवा पाने के कारण उसे घर में खाना बना कर लाना पड़ता है।
इस बारे में जब मुख्यचिकित्सा अधिकारी जिला सोलन अजय पाठक से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्होंने कभी अर्की अस्पताल का मैस चेक नही किया है। बाकी पोस्टमार्टम गृह के ऊपर मेस बनाना कोई मुद्दा नही है।






