Home » Uncategorized » हादसों को न्योता दे रहा कसौली-चंडी मार्ग: चामियां में नवनिर्मित डंगे की फिलिंग न होने से बढ़ा खतरा

हादसों को न्योता दे रहा कसौली-चंडी मार्ग: चामियां में नवनिर्मित डंगे की फिलिंग न होने से बढ़ा खतरा

Share:

कसौली
लोक निर्माण विभाग की लापरवाही का एक बड़ा नमूना कसौली से चंडी मार्ग पर देखने को मिल रहा है। कसौली से महज 12 किलोमीटर दूर चामियां स्कूल के पास बनाया गया नवनिर्मित डंगा सुरक्षा देने के बजाय अब हादसों को खुला न्योता दे रहा है।

काम पूरा, फिर भी अधूरी फिलिंग
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि डंगे का निर्माण कार्य पूरा हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन ठेकेदार द्वारा अभी तक इसकी फिलिंग (भराव) नहीं करवाई गई है। डंगे और सड़क के बीच का हिस्सा खाली होने के कारण यहाँ हर वक्त किसी बड़े वाहन के पलटने या दुर्घटनाग्रस्त होने का भय बना रहता है। विशेषकर रात के समय यहाँ से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं है।

खस्ताहाल सड़क और गहरी किनारियां बनीं मुसीबत
सिर्फ चामियां ही नहीं, बल्कि पूरा कसौली-चंडी मार्ग बदहाली के आंसू रो रहा है। कसौली से गढ़खल और गढ़खल से चंडी तक की सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।

  • पास देना हुआ मुश्किल: जहाँ सड़क की हालत थोड़ी ठीक भी है, वहाँ किनारियां इतनी गहरी और कच्ची हैं कि दो गाड़ियों को पास देना असंभव हो जाता है।
  • गाड़ियों का नुकसान:छोटी गाड़ियों को सड़क से नीचे उतारते ही उनके निचले हिस्से टकरा जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
    विभाग की चुप्पी पर सवाल
    हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारी रोजाना गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की यह दयनीय स्थिति उन्हें दिखाई नहीं दे रही। यदि विभाग केवल सड़क की किनारियों पर मिट्टी डालकर उनकी फिलिंग करवा दे, तो छोटी और लोडेड गाड़ियों को पास देना आसान हो सकता है। क्षेत्र के निवासियों और चालकों ने लोक निर्माण विभाग से पुरजोर मांग की है कि चामियां में डंगे की फिलिंग जल्द से जल्द करवाई जाए और पूरे मार्ग की किनारियों को दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी भी संभावित जान-माल के नुकसान को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *