Home » Uncategorized » मतदाता सूची के साथ छेड़छाड़ का मामला

मतदाता सूची के साथ छेड़छाड़ का मामला

Share:

दाड़लाघाट :-

ग्राम पंचायत ग्याना में मतदाता सूची के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। आरोप है कि सुनियोजित साजिश के तहत मतदाताओं को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किया गया है। इस संबंध में मंडल संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ दाड़लाघाट एवं अध्यक्ष बाघल विकास परिषद परसराम पिंकू ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि जब नई मतदाता सूची पंचायत कार्यालय में पहुंची, तो कई ऐसे मामले सामने आए जहां चुनाव लड़ने वाले व्यक्तियों को उनके मूल वार्ड से हटाकर अन्य वार्डों में डाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्य पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से किया गया है। यहां तक कि एक ही परिवार के सदस्यों बाप और बेटे को अलग-अलग वार्डों में स्थानांतरित कर दिया गया। कई परिवारों के सदस्यों को बिना किसी सूचना और सहमति के अलग-अलग वार्डों में विभाजित किया गया, जिससे मतदाताओं में भारी असंतोष है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर जब एसडीएम अर्की से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि विस्तृत जानकारी बीडीओ स्तर से प्राप्त होगी। वहीं बीडीओ कुनिहार ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची पंचायत सचिव के माध्यम से प्राप्त हुई है। दूसरी ओर पंचायत सचिव ने इस मामले में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार करते हुए कहा कि यह कार्य वार्ड सदस्य की सहमति से हुआ है। हालांकि संबंधित वार्ड सदस्य पिछले एक वर्ष से अनुपस्थित बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 40 लोगों के परिवारों को अलग-अलग वार्डों में स्थानांतरित किया गया है। परसराम पिंकू ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से इस तरह की हरकत की गई है, तो यह अत्यंत निंदनीय है। समाज में स्थान बनाने के लिए लोगों के हित में निस्वार्थ भाव से कार्य करना चाहिए, न कि इस तरह की अनुचित गतिविधियों का सहारा लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *