दाड़लाघाट:-अदाणी समूह के अंबुजा सीमेंट लिमिटेड दाड़लाघाट में इंडो-जर्मन कॉरपोरेशन फॉर सेफ्टी, हेल्थ एंड वेलबिंग (आईजीसी-एसएचडब्ल्यू), नोएडा द्वारा विज़न ज़ीरो के अनमोल नियमों को अपनाकर सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल बनाने को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता करुणेश श्रीवास्तव, पूर्व सहायक निदेशक, डीजी फासली एवं निदेशक, विज़न ज़ीरो रेटिंग सिस्टम, इंडिया ने विज़न ज़ीरो की अवधारणा एवं उसके इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा और जन-जागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विज़न ज़ीरो के सात अनमोल नियमों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यदि सभी उद्योग इन नियमों को अपनाएं, तो कार्यस्थलों को वास्तव में सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाया जा सकता है। इस कार्यक्रम में अंबुजा सीमेंट लिमिटेड सहित विभिन्न उद्योगों के 70 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला की सफलता में अदाणी सीमेंट समूह दाड़लाघाट के मुख्य विनिर्माण अधिकारी (उत्तर) संदीप कुमार, एचआर प्रमुख पदम नाभ शर्मा तथा सुरक्षा प्रमुख ललित पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






