Home » Uncategorized » चुनाव के दौरान हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

चुनाव के दौरान हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Share:

दाड़लाघाट:- ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के स्यार में पंचायती राज चुनाव के दौरान हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। चुनावी बहस के दौरान हुई कहासुनी के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अश्वनी कुमार और आरोपी के बीच पंचायत चुनाव को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान तेरा ताऊ  नहीं जीतेगा कहने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। बाद में कथित तौर पर धक्का लगने से अश्वनी कुमार बालकनी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मंगलवार देर रात को ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के चुनाव परिणाम भी घोषित हो गए, जिसमें प्रधान पद पर आरोपी के ताऊ को हार का सामना करना पड़ा। प्रधान पद पर श्याम सिंह चौधरी ने 853 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि दूसरी तरफ 581 वोट मिले। मामले में पुलिस थाना दाड़लाघाट में धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी  को न्यायालय में पेश करने के बाद चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच हर पहलू से गंभीरता के साथ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *