गोयला पवन सिंघ:-
ग्राम पंचायत गोयला के पंचायत चुनाव इस बार इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गए हैं। प्रधान पद के लिए हुए बेहद रोमांचक मुकाबले में निर्मला ने मात्र एक वोट के अंतर से जीत हासिल कर पंचायत की नई प्रधान बनने का गौरव प्राप्त किया। यह परिणाम न केवल गोयला पंचायत बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। निर्मला की जीत कई मायनों में खास है। वह गोयला पंचायत के इतिहास की सबसे युवा प्रधान बनकर उभरी हैं। जनता ने युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्हें पंचायत की कमान सौंपी है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला। प्रधान पद के लिए मुकाबला इतना कड़ा था कि मतगणना के अंतिम दौर तक किसी भी उम्मीदवार की जीत तय नहीं मानी जा रही थी। लेकिन अंततः एक वोट ने निर्मला के पक्ष में फैसला सुना दिया और लोकतंत्र की ताकत को एक बार फिर साबित कर दिया। यह परिणाम इस बात का उदाहरण है कि चुनाव में हर एक वोट कितना महत्वपूर्ण होता है। वहीं उप प्रधान पद के चुनाव में गुरदेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 107 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस बड़ी जीत ने यह साफ कर दिया कि पंचायत के लोगों ने उन पर भरपूर विश्वास जताया है। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।दिलचस्प बात यह है कि निर्मला और गुरदेव दोनों वार्ड नंबर 07 से संबंध रखते हैं। अब यही जोड़ी गोयला पंचायत के “कप्तान और उप कप्तान” के रूप में पंचायत के विकास की जिम्मेदारी संभालेगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि दोनों मिलकर पंचायत में विकास कार्यों को नई दिशा देंगे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि यह चुनाव केवल जीत-हार का परिणाम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और बदलाव की सोच का प्रतीक है। निर्मला की ऐतिहासिक जीत ने महिलाओं और युवाओं के लिए भी एक नई मिसाल कायम की है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और जनता के समर्थन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। क्षेत्र के लोगों ने नवनिर्वाचित प्रधान निर्मला और उप प्रधान गुरदेव को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि दोनों जनप्रतिनिधि पंचायत में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देंगे। गोयला पंचायत के इतिहास में पहली बार एक वोट से प्रधान का फैसला हुआ है। निर्मला की यह ऐतिहासिक जीत और गुरदेव की 107 वोटों की शानदार विजय लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी। लोकतंत्र के इस महापर्व में जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हर वोट की कीमत होती है और वही भविष्य तय करता है।






