दाड़लाघाट:-बरसात का मौसम नजदीक आते ही दाड़लाघाट चौक की जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दाड़लाघाट चौक पर बारिश के पानी की निकासी के लिए अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके चलते हल्की बारिश में भी चौक पानी से भर जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान दाड़लाघाट चौक नाले का रूप ले लेता है। पानी की उचित निकासी न होने के कारण सड़क पर जलभराव हो जाता है और बड़े-बड़े गड्ढे भी बन रहे हैं। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार गुजरने वाले वाहन पानी उछाल देते हैं, जिससे पैदल चलने वालों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान एनएचएआई अधिकारियों ने चौक पर यू-शेप ड्रेन बनाने की बात कही थी ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। बरसात का मौसम फिर से शुरू होने वाला है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। उधर, इस संबंध में एनएचएआई के जूनियर मैनेजर (टेक्निकल) अमित ने बताया कि दाड़लाघाट क्षेत्र की देखरेख का कार्य लोक निर्माण विभाग शालाघाट को सौंपा गया है। वहीं लोक निर्माण विभाग शालाघाट के कनिष्ठ अभियंता राकेश कुमार ने कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी, लेकिन बरसात शुरू होने से पहले इसका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।






