दाड़लाघाट :-तंबाकू मुक्त स्वस्थ्य विद्यालय कार्यक्रम के तहत अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट एवं सलाम मुंबई फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में संयुक्त रूप से शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू नियंत्रण से संबंधित 9 मानकों को पूर्ण करने के उद्देश्य से जनजागृति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालयों में आयोजित किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तंबाकू मुक्त विद्यालय के विद्यार्थियों को तंबाकू से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ विद्यालय वातावरण को बढ़ावा देना रहा। यह अभियान विश्व तंबाकू निषेध दिवस से शुरू होकर जून माह तक जारी रहेगा। विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्वास्थ्य सखी कार्यकर्ताओं के सहयोग से राजकीय उच्च विद्यालय कश्लोग, राजकीय उच्च विद्यालय पकौटी, प्राथमिक विद्यालय रौड़ी, माध्यमिक विद्यालय छामला सहित कई विद्यालयों में जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कहा गया कि अंबुजा फाउंडेशन का यह प्रयास सराहनीय है, जिससे विद्यार्थियों में अध्ययनकाल से ही तंबाकू मुक्त जीवन की आदत विकसित हो रही है। तंबाकू मुक्त विद्यालय की पहल किशोरावस्था में ही बच्चों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने, स्वस्थ वातावरण बनाने और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने में सहायक है। स्वास्थ्य कार्यक्रम समन्वयक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि तंबाकू मुक्त विद्यालय कार्यक्रम से अब तक 47 विद्यालय जुड़ चुके हैं, जिससे बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक आदतों का विकास हो रहा है। संजय शर्मा ने कहा कि यह पहल आने वाले समय में अन्य विद्यालयों को भी प्रेरित करेगी। वहीं जियोलॉजिस्ट, कश्लोग लाइम स्टोन माइंस, अंबुजा सीमेंट लिमिटेड ब्रजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को नशा एवं तंबाकू से दूर रहने की महत्ता पर बल दिया। इस अवसर पर स्नेहलता शर्मा, पूजा शर्मा, सुनीता देवी, बिमला शर्मा, तारा शर्मा और सावित्री बंसल सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






