दाड़लाघाट:-कुनिहार विकास खंड की दूरदराज क्षेत्र के मांगल वार्ड से नव निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) सीता राम ठाकुर ने शपथ ग्रहण से पहले ही विकास कार्यों की शुरुआत कर दी है। उन्होंने गांव पडयार के नेवड़ी क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए अपनी स्वेच्छा से जेसीबी और टिपर उपलब्ध करवाकर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य में ग्रामीण महेंद्र लाल, सुरेश कुमार, लेख राम, निरंजन राम, बबलू, लाली जग्गा, धनी राम तथा बलदेव सहित अन्य ग्रामीणों का सहयोग रहा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए नव निर्वाचित बीडीसी सदस्य सीता राम ठाकुर का धन्यवाद करते हुए खुशी जताई। इस अवसर पर सीता राम ठाकुर ने ग्राम पंचायत मांगल, बेरल और बागा करोग की समस्त जनता का चुनाव में दिए गए समर्थन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं और आशाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे तथा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देकर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।






