दाड़लाघाट:- डीएवी क्लस्टर लेवल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट-2026 में डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई खिताब अपने नाम किए। खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों से विद्यालय में हर्ष का माहौल है। विद्यालय की टीमों ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 बॉयज़, अंडर-17 बॉयज़, अंडर-19 बॉयज़ तथा अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-17 गर्ल्स और अंडर-17 बॉयज़ टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा विद्यालय की अंडर-14 गर्ल्स बास्केटबॉल टीम निर्विरोध राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इन उपलब्धियों के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट टीम भावना, खेल भावना और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया। समापन समारोह में उप पुलिस अधीक्षक दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, रमन गुप्ता, पद्मनाभ शर्मा तथा दीपक बारड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत किया और खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। अपने संबोधन में डीएसपी नवीन झाल्टा ने विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, अनुशासित जीवन जीने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर सीएमओ संदीप सीरह ने भी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई दी।






