दाड़लाघाट:- दाड़लाघाट पंचायत के कोटला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में महिला मंडल कोटला नुम्हाल की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुमारी कृष्णा ने की। बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई, जिसे उपस्थित महिलाओं ने सुना और सर्वसम्मति से उसकी पुष्टि की। पिछली बैठक में महिला मंडल के चुनाव करवाने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में इस बैठक के दौरान महिला मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता की देखरेख में संपन्न हुई। सर्वसम्मति से गीता देवी को महिला मंडल का प्रधान, जयवंती गौतम को उपप्रधान, रजनी गौतम को सचिव, निशा गौतम को सह सचिव तथा रीता देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यकारिणी गठन संबंधी प्रस्ताव की एक प्रति विकास खंड कार्यालय कुनिहार तथा दूसरी प्रति संबंधित बैंक में जमा करवाई जाएगी। बैठक में हेमलता, नीलम गौतम, सीता गौतम, मीना देवी, रीमा, जयवंती गौतम, रजनी गौतम, गीता देवी, आशा गौतम, निशा गौतम, मंजू देवी, अनीता गौतम सहित अन्य महिलाओं ने भाग लिया।






