कुनिहार:-
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने की दिशा में एसवीएन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार ने महत्वपूर्ण पहल की है। विद्यालय में मंगलवार को आयोजित पीटीए बैठक में नीट (NEET) एवं जेईई (JEE) कोचिंग कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष टी.सी. गर्ग ने की। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बैठक को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान समय में मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना आवश्यक हो गया है। ऐसे में क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के लिए चंडीगढ़, कोटा, दिल्ली अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए विद्यालय ने स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय कोचिंग सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यालय परिसर में स्कूल समय के उपरांत विशेष कोचिंग कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इन कक्षाओं में राजस्थान के कोटा शहर के अनुभवी एवं विशेषज्ञ फैकल्टी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे। कोटा देशभर में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रसिद्ध है तथा वहां के शिक्षकों का अनुभव विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी माहौल के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।
बैठक में बताया गया कि कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट और जेईई की विशेष कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी। वहीं कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए फाउंडेशन बैच शुरू किए जाएंगे, जिनमें विज्ञान एवं गणित विषयों की बुनियादी अवधारणाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रबंधन का मानना है कि प्रारंभिक स्तर से की गई तैयारी विद्यार्थियों को भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगी।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि कोचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए समय-समय पर टेस्ट, मॉडल परीक्षाएं तथा प्रदर्शन विश्लेषण सत्र आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों की कमजोरियों को चिन्हित कर उन्हें सुधारने के लिए विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही करियर काउंसलिंग एवं व्यक्तिगत परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित कर सकें।
बैठक में मौजूद अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कोटा के विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और अभिभावकों को भी अपने बच्चों को दूर भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
विद्यालय अध्यक्ष टी.सी. गर्ग ने कहा कि एसवीएन विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की बड़ी चुनौतियों और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में निरंतर सहयोग करने का आग्रह किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि यह कोचिंग कार्यक्रम क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यालय के विद्यार्थी नीट, जेईई सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र, जिला और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
बैठक में विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग, विद्यालय प्रधानाचार्या नीति चौधरी, गुरप्रीत बाजवा, रामेश्वर ठाकुर, अक्षय सेन, आशु गोहिला ,अमित कुमार, अदिति ठाकुर विद्यालय के शिक्षकगण, प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






