Home » Uncategorized » एनसीईआरटी दिल्ली में प्रेरणा कार्यक्रम का प्रशिक्षण ले रहीं एसवीएन स्कूल की शिक्षिका लालिमा जोशी, बनेंगी जिला सोलन की मास्टर ट्रेनर

एनसीईआरटी दिल्ली में प्रेरणा कार्यक्रम का प्रशिक्षण ले रहीं एसवीएन स्कूल की शिक्षिका लालिमा जोशी, बनेंगी जिला सोलन की मास्टर ट्रेनर

Share:

कुनिहार:-
शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित ‘प्रेरणा’ कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए देशभर में गार्जियन टीचर्स को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसी कड़ी में द एसवीएन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बडोरघाटी कुनिहार की शिक्षिका लालिमा जोशी राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), नई दिल्ली में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रही हैं।

विद्यालय के निदेशक लूपिन गर्ग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक जिले से एक-एक शिक्षक का चयन इस प्रशिक्षण के लिए किया गया है। जिला सोलन का प्रतिनिधित्व एसवीएन स्कूल की शिक्षिका लालिमा जोशी कर रही हैं, जो प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जिला सोलन की मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करेंगी।

उन्होंने बताया कि लालिमा जोशी इससे पूर्व वर्ष 2025 में गुजरात के गांधीनगर स्थित प्रेरणा केंद्र में आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी भाग ले चुकी हैं। अब एनसीईआरटी दिल्ली में उन्हें प्रेरणा पाठ्यक्रम के विभिन्न मॉड्यूल, मूल्य आधारित शिक्षा, अनुभवात्मक शिक्षण तथा गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति का उन्नत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

लूपिन गर्ग ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद लालिमा जोशी जिला सोलन के पीएम श्री विद्यालयों सहित अन्य नामित स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगी। इससे प्रेरणा कार्यक्रम के उद्देश्यों को विद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में शुरू किए गए प्रेरणा कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी तथा जीवन कौशल का विकास करना है। इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जिलों में शिक्षकों को प्रशिक्षित कर कार्यक्रम के व्यापक क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने इसे एसवीएन स्कूल तथा जिला सोलन के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका का चयन होना संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रमाण है। विद्यालय परिवार ने लालिमा जोशी को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *