Home » Uncategorized » कुनिहार की ऐतिहासिक शिव तांडव गुफा में 15 जून को लगेगा विशाल भंडारा, उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भारी भीड।

कुनिहार की ऐतिहासिक शिव तांडव गुफा में 15 जून को लगेगा विशाल भंडारा, उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भारी भीड।

Share:

कुनिहार:-
आप भी महादेव की भक्ति के रस में सराबोर होना चाहते हैं, तो आने वाला रविवार और सोमवार आपके लिए बेहद खास होने वाला है। सोलन जिले के कुनिहार में स्थित अनादि कालीन ऐतिहासिक शिव तांडव गुफा में हर महीने की भांति इस महीने भी आषाढ़ मास के पावन शुक्ल पक्ष,ज्येष्ठ सोमवार के महासंयोग पर एक अलौकिक धार्मिक समागम होने जा रहा है।
गुफा विकास समिति एवं शंभू परिवार के सौजन्य से आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में 15 जून 2026 को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना है।

​धार्मिक अनुष्ठानों की जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष राम रतन तंवर व उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर ने बताया कि आयोजन को भव्य रूप देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
14 जून 2026 को इस दिव्य उत्सव की शुरुआत रविवार को श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ के साथ होगी।
15 जून 2026: ज्येष्ठ सोमवार के शुभ अवसर पर सुबह ब्रह्म मुहूर्त में गुफानाथ जी का विधि-विधान, पंचामृत स्नान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आलौकिक श्रृंगार व विशेष पूजन किया जाएगा।

​सोमवार को मुख्य पूजा और महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद बाबा भोलेनाथ के भक्तों के लिए विशाल भंडारे की शुरुआत होगी।

सोमवार (15 जून) रात्रि ठीक 8:00 बजे बाबा भोलेनाथ की भव्य एवं दिव्य आरती उतारी जाएगी। सुरमई भजनों व शिव चालीसा की अमृत वर्षा के बीच होने वाली इस महाआरती का हिस्सा बनने के लिए सभी श्रद्धालु समय पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति व भागीदारी सुनिश्चित करें और भक्ति के इस दिव्य आनंद को प्राप्त करें।

​कुनिहारकी यह ऐतिहासिक अनादि कालीन शिव तांडव गुफा साक्षात महादेव की तपोस्थली है, जहाँ कदम रखते ही असीम शांति की अनुभूति होती है। समिति ने सभी क्षेत्रवासियों, हिमाचल वासियों और देश के कोने-कोने से आने वाले सनातन प्रेमियों से करबद्ध प्रार्थना की है कि इस पावन भंडारे और भजन संध्या में सपरिवार पधारें। बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लें और पुण्य के भागीदार बनकर अपने जीवन को कृतार्थ करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *