Home » Uncategorized » पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को क्षेत्र की लंबित समस्याओं के समाधान की ओर देना चाहिये विशेष ध्यान

पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को क्षेत्र की लंबित समस्याओं के समाधान की ओर देना चाहिये विशेष ध्यान

Share:

दाड़लाघाट :- ग्राम पंचायत सुधार सभा दाड़लाघाट की बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कहा गया कि पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद अब नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को क्षेत्र की लंबित समस्याओं के समाधान की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। सभा के सदस्यों ने दाड़लाघाट और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति, बरसात के मौसम में जल निकासी की समस्या तथा नालियों के उचित रखरखाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने कहा कि बरसात शुरू होते ही सड़कों और नालियों का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस जाता है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने समय रहते नालियों की सफाई और उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में पुरानी डिस्पेंसरी के समीप बने अस्थायी सार्वजनिक शौचालय की दयनीय स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि शौचालय से उठने वाली दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस विषय को पहले भी पंचायत के समक्ष उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा अंबुजा कंपनी गेट से दाड़लाघाट तक जाने वाले पैदल मार्ग की खराब हालत का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। सभा के सदस्यों ने कहा कि इस मार्ग पर पैदल चलना कठिन हो गया है। इस संबंध में अंबुजा कंपनी प्रबंधन से भी कई बार आग्रह किया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों से इन समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी। अब लोगों को उम्मीद है कि नव-निर्वाचित प्रतिनिधि विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे तथा जनता की परेशानियों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएंगे। ग्राम पंचायत सुधार सभा के महासचिव प्रेम केशव ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *