Home » Uncategorized » चार तेंदुओं की गतिविधियां से क्षेत्र में भय,लोगो का बाहर निकलना हुआ दूभर

चार तेंदुओं की गतिविधियां से क्षेत्र में भय,लोगो का बाहर निकलना हुआ दूभर

Share:

दाड़लाघाट:-दाड़लाघाट की निकटवर्ती पंचायत बरायली के अंतर्गत चल्यावन क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गई जब गांव गवाह के पास चूड़ैल की नाली क्षेत्र में एक तेंदुआ पेड़ पर बैठा हुआ देखा गया। यह घटना 14 जून की बताई जा रही है, जो स्थानीय निवासी कैलाश चंद के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। ग्रामीणों के अनुसार वीरवार सुबह स्कूल जाते समय बच्चों ने पेड़ पर तेंदुआ देखा, जिसके बाद वे डरकर वापस घर लौट आए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है तथा ग्रामीणों ने रास्तों का उपयोग सावधानीपूर्वक करने की अपील की है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कैलाश चंद के सीसीटीवी फुटेज में चार तेंदुओं की गतिविधियां घरों के आसपास घूमती हुई दिखाई दे रही हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत और अधिक बढ़ गई है। पूर्व प्रधान रीता शर्मा ने पंचायत प्रधान एवं उपप्रधान से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग से संपर्क कर क्षेत्र में पिंजरा लगवाया जाए, ताकि तेंदुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके और पशुधन व मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार तेंदुओं की आवाजाही से बच्चों की सुरक्षा सबसे अधिक प्रभावित हो रही है। दिनेश चंद, विजय कुमार, कैलाश चंद, रमेश, महेंद्र कुमार, भूपेंद्र, पवन सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें हर समय यह डर बना रहता है कि कहीं तेंदुआ बच्चों या पशुओं को नुकसान न पहुंचा दे। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाए और तेंदुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि ग्रामीणों में फैली दहशत समाप्त हो सके। इस बीच ग्राम पंचायत बरायली के प्रधान कृष्ण चंद भट्टी ने बताया कि उन्होंने इस संदर्भ में वन विभाग को सूचित कर दिया है तथा विभाग को पत्र लिखकर मुलाकात भी की है।उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *