Home » Uncategorized » बी.एल. वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में एंटी चिट्टा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं काउंसलिंग आयोजित

बी.एल. वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में एंटी चिट्टा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं काउंसलिंग आयोजित

Share:

कुनिहार:-
बी.एल. सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए एक विशेष जागरूकता एवं काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य रूप से तहसील वेलफेयर अधिकारी अर्की राकेश कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ गणपति एजुकेशन सोसाइटी कुनिहार के चेयरमैन डा० रोशन लाल शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रवक्ता इशान भाटिया ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस एंटी चिट्टा अभियान के तहत विद्यार्थियों को विशेष रूप से “चिट्टा” जैसे खतरनाक नशे के दुष्प्रभावों, उसकी रोकथाम तथा समाज पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा प्रदान करने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।तहसील वेलफेयर अधिकारी राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है जो व्यक्ति के जीवन, परिवार और भविष्य को पूरी तरह नष्ट कर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास भी किसी प्रकार की नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें।इस अवसर पर चेयरमैन रोशन लाल शर्मा ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं बल्कि एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक का निर्माण करना भी है। उन्होंने विस्तार से बताया कि किस तरह आज की युवा पीढ़ी नशे के जाल में फंस रही है। डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों को ‘आत्म-अनुशासन’ (self-discipline) का मंत्र दिया और उन्हें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया।।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि राकेश कुमार एवं रोशन लाल शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध शपथ ली तथा भाषण एवं लघु नाटिका के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों एवं रोकथाम के प्रति प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी को प्रभावित किया और समाज में नशामुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त अध्यापक वर्ग एवं बड़ी संख्या में एन एस एस , लायन इको क्लब और अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *