दाड़लाघाट:- पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जबकि रसायन विज्ञान प्रवक्ता सपना धीमान ने नोडल अधिकारी के रूप में कार्यक्रम का संचालन किया। विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, प्रतिज्ञा समारोह तथा प्रातःकालीन सभा में नशामुक्ति संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया गया तथा उन्हें स्वस्थ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार एवं नोडल अधिकारी सपना धीमान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसके गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज के संदेश को बढ़ावा देने के लिए योग गतिविधियों में भी भाग लिया। इसके अतिरिक्त स्थानीय दुकानदारों को तंबाकू एवं अन्य नशीले उत्पादों की बिक्री पर रोक संबंधी नोटिस वितरित कर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस अभियान के माध्यम से समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने का संदेश दिया।






