दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत दानोघाट में शनिवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रधान दूनी चंद शर्मा ने निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए जनसेवा और पंचायत हित में कार्य करने का आह्वान किया। शपथ लेने वाले सदस्यों में कराड़ाघाट वार्ड से चमन लाल, सुखन वार्ड से हेम बाला, कजियारा वार्ड से कौशल्या देवी, सेर गलोटिया वार्ड से दिनेश कुमार तथा दानोघाट वार्ड से मालती देवी शामिल रहे। वहीं श्याम लाल ने उपप्रधान के रूप में अपनी जिम्मेदारी ग्रहण की। इस अवसर पर पंचायत सचिव दिला राम गर्ग ने पंचायत की प्रशासनिक प्रक्रियाओं और प्रतिनिधियों के दायित्वों संबंधी आवश्यक जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान पंचायत क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रधान दूनी चंद शर्मा ने कहा कि पंचायत के सभी प्रतिनिधि जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा गांवों के समग्र विकास के लिए मिलजुल कर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।






