Latest News
Home » Uncategorized » नगर पंचायत अर्की व बीडीसी कुनिहार के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव शीघ्र करवाने की मांग, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

नगर पंचायत अर्की व बीडीसी कुनिहार के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव शीघ्र करवाने की मांग, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

Share:

अर्की, शहनाज़ भाटिया:-

भारतीय जनता पार्टी अर्की मंडल ने नगर पंचायत अर्की तथा बीडीसी कुनिहार के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव शीघ्र करवाने की मांग को लेकर तहसीलदार अर्की के माध्यम से पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा के नेतृत्व में माननीय राज्यपाल हिमाचल प्रदेश के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत अर्की तथा बीडीसी कुनिहार के चुनाव संपन्न हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं करवाया गया है। इससे स्थानीय निकायों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा क्षेत्र के विकास कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अर्की के चुनाव को लगभग डेढ़ माह तथा बीडीसी कुनिहार के चुनाव को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चयन न होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ न्याय नहीं है। इससे जनप्रतिनिधियों और आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव लंबित रहने से विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है तथा जनता की भावनाओं को भी ठेस पहुंच रही है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दोनों संस्थाओं में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव यथाशीघ्र संपन्न करवाए जाएं।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द चुनाव नहीं करवाए गए तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर अर्की, मंडल अध्यक्ष दाड़लाघाट, जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष व भाजपा समर्थित पार्षद सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *