दाड़लाघाट :-ग्राम पंचायत रौड़ी के गांव बागा में सोमवार को ग्राम विकास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक ठाकुर लोकराम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गांव के वरिष्ठ नागरिकों, महिला मंडल की सदस्यों, नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य तथा जल शक्ति विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जल शक्ति विभाग के फिटर हीरा लाल पाठक की मौजूदगी में पेयजल टैंकों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के अभियान समय-समय पर जारी रहने चाहिए। बैठक में नौणी-बागा सड़क निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण का एस्टीमेट पिछले करीब दो वर्षों से लंबित होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि इस विषय को लेकर क्षेत्रीय विधायक द्वारा भी कई बार विभाग के समक्ष मामला उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हो पाई है। इसके अलावा गांव के लिए प्रस्तावित दस शौर्य लाइटों की आपूर्ति का मामला भी बैठक में उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक लाइटें उपलब्ध नहीं करवाई गई हैं। सभी ने भविष्य में भी पेयजल स्रोतों और टैंकों की नियमित सफाई तथा गांव की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया। बैठक में ज्ञान ठाकुर, लोकराम ठाकुर, रोशन ठाकुर, प्रेम केशव, बीना ठाकुर, मीरा ठाकुर, शीला ठाकुर, रीना ठाकुर, सरोज ठाकुर, लिया ठाकुर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।






