दाड़लाघाट : प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत थाना दाड़लाघाट पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। थाना प्रभारी पंकज शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान दवा विक्रेताओं के अभिलेखों, दवाओं के रखरखाव, बिक्री रजिस्टरों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी पंकज शर्मा ने दवा विक्रेताओं को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दवा विक्रेताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने दवा विक्रेताओं से अपील की कि प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही की जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दी जाए। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है, जिससे निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन और आम जनता को मिलकर कार्य करना होगा। थाना प्रभारी ने कहा कि नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता एवं निगरानी अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज में सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है।






