दाड़लाघाट :- पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) कार्यकारिणी का गठन प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। समिति का गठन बाल वाटिका से लेकर जमा दो कक्षाओं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों की भागीदारी से किया गया। गठन प्रक्रिया में 170 से अधिक अभिभावकों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से ओम प्रकाश शर्मा को एसएमसी अध्यक्ष, पूजा को उपाध्यक्ष तथा दीपक गजपति को मुख्य सलाहकार चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यकारिणी के गठन के उपरांत आयोजित बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। एसएमसी अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि विद्यालय में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए समिति विद्यालय प्रशासन के साथ मिलकर पूर्ण सहयोग करेगी तथा शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने नवनिर्वाचित समिति को बधाई देते हुए भविष्य में विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान तथा शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में सीएचटी श्रीनिवास सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।






