दाड़लाघाट :- शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के समीप क्यारड़ क्षेत्र में हुए भारी भूस्खलन के कारण सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आ जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। यह स्थान जिला बिलासपुर और सोलन की सीमा के निकट स्थित है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने प्रभावित मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक बंद कर दी है। भूस्खलन के बाद एनएचएआई और फोरलेन निर्माण कंपनी ने सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया। मौके पर करीब 3 से 4 पोकलेन मशीनें मलबा हटाने में लगी हुई हैं। हालांकि पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने और चट्टानों के खिसकने के खतरे के चलते बहाली कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर द्वारा जारी जन-सूचना के अनुसार बिलासपुर एवं हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहनों को ब्रह्मपुखर, जुखाला, जब्बल पुल, रानीकोटला, खारसी तथा नवगांव होते हुए दाड़लामोड़ के रास्ते शिमला भेजा गया। वहीं शिमला से मंडी जाने वाले वाहनों को दाड़लामोड़ और नवगांव मार्ग से डायवर्ट किया गया। वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। शिमला से मंडी जाने वाले वाहनों के लिए दाड़लामोड़ से नवगांव तक लंबा जाम लगा रहा, जबकि दूसरी ओर बिलासपुर एवं हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहनों की भी लंबी कतारें लगी रहीं। दोनों दिशाओं में यातायात का दबाव बढ़ने से वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे। दाड़लाघाट पुलिस के जवान दाड़लामोड़, नवगांव तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहे और लगातार यातायात व्यवस्था संभालते रहे। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम खुल सका, लेकिन बड़े वाहनों और बसों में सफर कर रहे यात्रियों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे हुए भूस्खलन के बाद शाम 6 बजे तक 9 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया था। एनएचएआई, फोरलेन निर्माण कंपनी और प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं तथा मलबा हटाने का कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बनाकर ही यातायात के लिए खोला जाएगा, जिसके लिए अभी और समय लग सकता है। उधर, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेम लाल शर्मा ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं पटवारी मोहन लाल ने भूस्खलन संबंधी रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम अर्की को भेज दी है। प्रशासन, पुलिस, एनएचएआई और फोरलेन निर्माण कंपनी संयुक्त रूप से मार्ग को शीघ्र बहाल करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। उधर, एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने कहा कि मौके पर पोकलेन व जेसीबी मशीनों से सड़क मार्ग को खोला जा रहा है, जल्द ही सड़क मार्ग को खोल दिया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गो का उपयोग करने व सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।






