अर्की:-जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की जिला स्तरीय कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक जिला अध्यक्ष एवं राज्य कार्यकारिणी के मुख्य सलाहकार के.डी. शर्मा की अध्यक्षता में बाड़ीधार पर्यटक स्थल स्थित मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त मोर्चा हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संघ के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।
बैठक की शुरुआत जिला महासचिव जगदीश पंवर द्वारा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखवाकर की गई। इसके उपरांत पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर के.डी. शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जनवरी 2016 से नया वेतन आयोग लागू हुआ था, लेकिन जनवरी 2016 से जनवरी 2022 तक का वेतन एवं पेंशन संबंधी एरियर अभी तक अनेक पेंशनरों को नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पेंशनरों को लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी तथा कम्यूटेशन का एरियर भी नहीं मिला है, जिससे पेंशनरों में भारी रोष व्याप्त है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा पेंशनरों का 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता भी लंबे समय तक रोके रखा गया, जबकि कर्मचारियों को इसका लाभ पहले ही प्रदान किया जा चुका था। उन्होंने सरकार से पेंशनरों के हितों का संरक्षण करते हुए उनकी सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग की।
विशेष अतिथि आत्मा राम शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही पेंशनर्स संगठन लगातार संयुक्त सलाहकार समिति के गठन एवं उसकी बैठक बुलाने की मांग कर रहा है, लेकिन आज तक न तो समिति का गठन किया गया और न ही इसकी बैठक आयोजित की गई। इस पर बैठक में उपस्थित पेंशनरों ने खेद व्यक्त किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा पेंशनरों और कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान के लिए 200 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा का स्वागत किया, लेकिन कहा कि इसकी अधिसूचना अभी तक जारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों में लंबे समय से मेडिकल प्रतिपूर्ति के बिल लंबित पड़े हैं और कई बुजुर्ग पेंशनर अपने बिलों के भुगतान की प्रतीक्षा करते हुए इस दुनिया से विदा हो चुके हैं।
आत्मा राम शर्मा ने सरकार से पेंशनरों की सभी लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल का अधिकांश समय बीत चुका है, इसलिए अब पेंशनरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
बैठक में जिला महासचिव जगदीश पंवर, सायरी यूनिट के प्रधान बेली राम राठौर रोशन लाल वर्मा राज्य निधि सचिव अनंत राम जिला अध्यक्ष कोऑर्डिनेशन कमेटी, पट्टा बरावरी यूनिट के प्रधान जगदेव गर्ग पट्टा महलोग यूनिट के प्रधान जिया लाल ठाकुर कुम्हारहट्टी यूनिट के पूर्व प्रधान रतन लाल वशिष्ठ/अर्की यूनिट के महासचिव राजेंद्र शर्मा अर्की यूनिट के प्रधान कुंदन सिंह चौहान कुनिहार यूनिट के प्रधान विनोद जोशी सोलन यूनिट के प्रधान मंचेर सिंह कंवर कुनिहार यूनिट के महासचिव चेतराम राज्य प्रतिनिधि सूर्यकांत जोशी पूर्व प्रधान जगदीश सिंह राज्य कार्यालय सचिव रूप कश्यप संत राम कौंडल राज्य कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सभी वक्ताओं ने पेंशनरों की समस्याओं और मांगों पर अपने विचार रखे।






