Home » Uncategorized » खस्ताहाल सड़क के लिए फरिश्ता बने हंसराज चंदेल, निजी खर्च से दिए 50 हजार रुपये, ग्रामीणों ने किया सम्मानित

खस्ताहाल सड़क के लिए फरिश्ता बने हंसराज चंदेल, निजी खर्च से दिए 50 हजार रुपये, ग्रामीणों ने किया सम्मानित

Share:

गोयला पवन सिंघ:-

दून विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी हंसराज चंदेल (पटवारी) ने जनसेवा की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए गोयला और ढकरियाणा पंचायतों की सीमा पर स्थित गांव खाली की लंबे समय से खराब पड़ी सड़क की मरम्मत के लिए अपनी निजी कमाई से 50 हजार रुपये प्रदान किए। उनके इस कदम से वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों के अनुसार खाली गांव की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार लोक निर्माण विभाग के सब-डिवीजन चंडी के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने दून विधायक राम कुमार चौधरी को भी फोन के माध्यम से सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत करवाया, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। ऐसे में समाजसेवी हंसराज चंदेल ने आगे आकर अपनी निजी आय से 50 हजार रुपये देकर सड़क की मरम्मत का कार्य करवाया। सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने हंसराज चंदेल का विशेष सम्मान किया। इस अवसर पर हंसराज चंदेल ने कहा कि जनसेवा ही उनका उद्देश्य है और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में अपना योगदान देते रहेंगे।
ग्रामीणों ने हंसराज चंदेल को शाल भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ग्राम पंचायत गोयला की प्रधान निर्मला देवी, ग्राम पंचायत ढकरियाणा की प्रधान संतोष कंवर, उपप्रधान ज्ञानचंद, वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि जहां सरकारी तंत्र उनकी समस्या का समाधान नहीं कर पाया, वहीं हंसराज चंदेल ने अपने निजी संसाधनों से सड़क की मरम्मत कर लोगों का दिल जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *